मोटरसाइकिल लूट के मामले में पुलिस ने बाइक समेत तीन लुटेरे को किया गिरफ्तार। देसी पिस्तौल,कारतूस,तीन बाइक के साथ आधा दर्जन मोबाइल एवं तीस हजार रुपए भी बरामद।
हिलसा नालंदा 12 जनवरी। शहर के पश्चिमी बाईपास पर विगत 2 जनवरी को एक युवक से हुई मोटरसाइकिल लूट के मामले में पुलिस ने बुधवार को तीन अपराधियों को एक देसी कट्टा एवं तीन जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। अपराधियों के पास से आधा दर्जन मोबाइल फोन, लूटी गई तीन मोटरसाइकिल एवं तीस हजार रुपए नगद भी बरामद किया गया है। हिलसा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बुधवार को अपने कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में उक्त आशय की जानकारी देते हुए बताया कि विगत 2 जनवरी की रात में पटना जिले के परसा बाजार थाना अंतर्गत एतवारपुर गांव निवासी मनीष कुमार नालंदा जिले के तेल्हारा स्थित अपने ननिहाल से वापस घर लौट रहा था। इसी बीच हिलसा पश्चिमी बाईपास पर गजेंद्र बिगहा गांव के समीप सफेद रंग की टीवीएस अपाचे बाइक सवार तीन अपराधियों ने ओवरटेक करके हथियार का भय दिखाकर एक युवक से मारपीट कर उसकी मोटरसाइकिल एवं मोबाइल आदि सामान लूट लिया था। इस संबंध में मनीष कुमार ने हिलसा थाना कांड संख्या 5/ 2022 के तहत तीन अज्ञात अपराध कर्मियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नालंदा के पुलिस कप्तान के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कृष्ण मुरारी प्रसाद के नेतृत्व में 9 सदस्यीय एसआईटी का गठन किया गया था। गठित टीम द्वारा तकनीकी एवं मानवीय पहलुओं पर लगातार अनुसंधान करते हुए 1 सप्ताह के अंदर लूट कांड का उद्भेदन कर दिया। इस दौरान लगातार की जा रही छापामारी में पुलिस ने रवीश कुमार उर्फ गुड्डूल पिता मनोज पासवान, शैलेश कुमार पिता राजन प्रसाद, साकिन नत्थू बिगहा, थाना थरथरी एवं लाल गुलाब उर्फ लाला, पिता सुरेंद्र प्रसाद, साकिन गोलापर, थाना दीपनगर को एक देसी कट्टा एवं तीन जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। लुटेरों के पास से आधा दर्जन मोबाइल तीन लूटी हुई मोटरसाइकिल एवं तीस हजार रुपए नगद भी बरामद किया गया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार तीनों लुटेरे शातिर अपराधी है। इन अपराध कर्मियों द्वारा इस घटना के पूर्व भी नालंदा एवं पटना जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आधा दर्जन से अधिक लूट की घटनाओं को अंजाम दिया गया है। पूर्व में लूटे गए कई सामानों की भी बरामदगी हुई है। एसआईटी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के अलावा अवर निरीक्षक कुणाल चंद्र सिंह, नीरज कुमार, परवलपुर के थानाध्यक्ष शशि रंजन सिंह, थरथरी के थानाध्यक्ष राकेश कुमार, अर्जुन मंडल, मो सद्दाम हुसैन, डीआईयू शाखा के प्रभारी चंदन कुमार, सिपाही मुकेश कश्यप आदि शामिल हैं। फोटो। पत्रकार वार्ता करते अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कृष्ण मुरारी प्रसाद एवं अन्य पुलिसकर्मी।
