डीएसपी के निर्देश पर फर्जीवाड़ा करने वाले सामाजिक संस्था पर दर्ज हुई प्राथमिकी। पुलिस ने शुरू किया मामले की छानबीन।
हिलसा नालंदा 15 फरवरी। कन्या विवाह एवं महिला जन कल्याण सोसायटी के नाम से कार्यालय खोलकर लाखों रुपए की ठगी करने वाले सामाजिक संगठन पर कानून का शिकंजा कसता जा रहा है। ठगी के शिकार हुई दर्जनों महिलाओं द्वारा दिए गए आवेदन के आलोक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कृष्ण मुरारी प्रसाद के निर्देश पर हिलसा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्राथमिकी में कन्या विवाह एवं महिला जन कल्याण सोसायटी के सचिव शैलेश कुमार, हिलसा शाखा के प्रभारी कुंदन मिश्रा, सहायक सुनील पासवान को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। कराय परसुराय थाना अंतर्गत बेरथु गांव निवासी प्रभाकर कुमार की पत्नी रिंकू कुमारी समेत दर्जनों महिलाओं द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार 2018 ईस्वी के मार्च महीने में शहर के बिहारी रोड के लालसी बीघा मोड़ के पास किराए के एक निजी मकान में कन्या विवाह एवं महिला जन कल्याण सोसायटी नामक संस्था का कार्यालय खोला गया था। कार्यालय खोलने के बाद 9000 से 14000 रुपए मासिक वेतन देने का प्रलोभन देकर दर्जनों महिलाओं एवं पुरुषों को सर्वेयर के रूप में नियुक्त किया गया था। नियुक्ति के समय कागजात के रूप में सादा स्टाम्प एवं शैक्षणिक योग्यता से संबंधित कागजात लिया गया था। संस्था के सचिव शैलेश कुमार के कहने पर सर्वेयर के रूप में नियुक्त हुए महिला पुरुषों द्वारा ग्रामीण इलाके में रहने वाले करीब 150 लोगो के बच्चियों की शादी के लिए विदाई सामग्री के रूप में जूते, ट्रंक ,तकिया ,रजाई ,तोसक, सिंगार बॉक्स आदि सामानों का वितरण करने के नाम पर पंजीयन करवाया गया था। इसके बाद विदाई सामग्री के वितरण के पूर्व संबंधित लोगों से 1800 से लेकर 2500 रुपए ट्रक वसूल किया जाता था। सर्वेयर द्वारा ग्रामीणों से लिए गए रुपए को संस्था में जमा करने के एवज में सहयोग राशि के रूप में उन्हें संस्था का रसीद भी दिया गया था। 15 दिनों के अंदर विदाई सामग्री वितरण किए जाने का वादा करने वाले संस्था के सचिव द्वारा 2 साल से अधिक बीत जाने के बाद भी सामग्री का वितरण नहीं किया गया। सर्वेयर द्वारा सामग्री वितरण करने का अनुरोध किए जाने के बाद संस्था के सचिव द्वारा टालमटोल किया जाता रहा। 20-20 ईसवी के अप्रैल महीने में हिलसा शाखा कार्यालय को अचानक रातों-रात बंद कर दिया गया। इसके बाद से ठगी के शिकार हुए लोगों द्वारा संस्था के प्रधान कार्यालय मसौढ़ी में दर्जनों बार जाकर रुपए वापस करने की गुहार लगाई गई। अंत में हार थक कर पीड़ित लोगों द्वारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के यहां आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई गई। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कृष्ण मुरारी प्रसाद ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हिलसा थाना पुलिस को प्राथमिकी दर्ज कर अविलंब कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
